Breaking News

आकाश आनंद की तारीफ में मायावती ने पढ़े कसीदे, अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर लगाई रोक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद की पार्टी में वापसी के बाद उनकी जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद पार्टी और मूवमेंट के कार्यों को परिवार और रिश्तों से ऊपर रखकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वहीं, आकाश आनंद के ससुर और बसपा के पूर्व नेता अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की संभावना को मायावती ने सिरे से खारिज कर दिया है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में आकाश आनंद की कार्यशैली और सक्रियता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बसपा के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में आकाश आनंद सूझबूझ और परिपक्वता के साथ काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, पार्टी और आंदोलन के हितों को प्राथमिकता देना जरूरी है।
मायावती ने आकाश आनंद के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, दो नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच बढ़ाने की तैयारी है।
मायावती ने पार्टी के पूर्व नेता अशोक सिद्धार्थ की वापसी को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने पिछले दिनों हुए घटनाक्रम के लिए अशोक सिद्धार्थ को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इसी वजह से उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था। मायावती के मुताबिक, अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा भी की थी। ऐसे में उनकी पार्टी में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं है।
बसपा प्रमुख के इस बयान को आकाश आनंद की भूमिका और पार्टी में उनकी जिम्मेदारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित जनसभाओं के दौरान पार्टी की रणनीति और राजनीतिक संदेश पर भी नजर रहेगी।

Check Also

पांच जिलों में लगेंगे बिजली चेतावनी सेंसर, योगी सरकार की जनहानि रोकने की तैयारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली जनहानि रोकने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *