– शिवा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लगाई न्याय की गुहार
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ के चर्चित व्यापारी शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद श्रद्धा की ओर से अदालत में सरेंडर अर्जी दाखिल किए जाने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि अर्जी दो दिन पहले दी गई थी। हालांकि, उसके उत्तर प्रदेश लौटने और अदालत में आत्मसमर्पण करने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। उसकी तलाश के लिए नेपाल तक जाने और वहां ठिकाने बदलने की चर्चाएं सामने आई थीं। अब अदालत में सरेंडर अर्जी दाखिल होने की खबर के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है। गौरतलब है कि सरेंडर अर्जी दाखिल करना और अदालत में आत्मसमर्पण करना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। ऐसे में श्रद्धा की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण को लेकर स्थिति अदालत में पेशी के बाद ही स्पष्ट होगी।
उधर, शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य कथित आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल करने की अपील की है। रंजना शर्मा ने मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि साक्ष्यों से छेड़छाड़ या जांच में लापरवाही होने पर मामले की सच्चाई सामने आने में बाधा आ सकती है।
पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने, जांच की प्रगति की जानकारी देने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। रंजना शर्मा का कहना है कि उनके बेटे की मौत से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा होना चाहिए और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।