Breaking News

ISI के जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, पति-पत्नी गिरफ्तार; दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे आठ भारतीय सिम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले पति-पत्नी साहिल और समीरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों वर्ष 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में थे और उनके लिए काम कर रहे थे। इस कार्रवाई को स्पेशल सेल ने ‘ऑपरेशन समीरा’ नाम दिया है। जांच में सामने आया कि साहिल वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था। बाद में उसकी दोस्त समीरा भी इस नेटवर्क से जुड़ गई। दोनों की शादी हो गई। पुलिस का दावा है कि पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) ने उन्हें पैसों का लालच देकर नेटवर्क के लिए काम करने को तैयार किया।
आरोप है कि साहिल और समीरा ने वर्ष 2024 और 2025 के दौरान आठ भारतीय सिम कार्ड हासिल किए और उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजा। इन सिम कार्ड से पाकिस्तान में व्हाट्सएप अकाउंट संचालित किए गए। इनका इस्तेमाल भारतीय लोगों से संपर्क करने, व्हाट्सएप ग्रुप में घुसपैठ करने और संवेदनशील सूचनाएं जुटाने में किया गया। पुलिस के अनुसार इसके बदले दोनों को 30 हजार रुपये मिले। साहिल को कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी करने और अन्य लोगों को नेटवर्क से जोड़ने का काम भी सौंपा गया था। उसने कोर्ट मार्शल का सामना कर रहे सेना के जवानों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई।
स्पेशल सेल ने पहले साहिल को सराय काले खां से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल की फोरेंसिक जांच में पाकिस्तानी हैंडलर्स से संदिग्ध चैट मिलीं। पूछताछ के बाद पत्नी समीरा की भूमिका सामने आई। नोएडा के कॉल सेंटर में काम करने वाली समीरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ बातचीत के अहम साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।

Check Also

लोन डिफॉल्ट पर बैंक नहीं कर सकेंगे मोबाइल-लैपटॉप लॉक, RBI ने जारी किए नए निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। लोन की किस्त नहीं चुकाने वाले ग्राहकों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES