Breaking News

‘पुजारी आप ही हैं… पूछा और मार दी गोली, आवाज सुन पहुंचे परिजन, दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में शुक्रवार देर रात दो बदमाशों ने एक पुजारी को गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शादियाबाद थाना क्षेत्र के सौरी ग्राम सभा की है, जहां पूजा-पाठ का कार्य करने वाले बबलू राय उर्फ सोखा पर आधी रात करीब एक बजे बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, बबलू राय जब अपने घर के बाहर निकले तो दो संदिग्ध व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे थे। उन्होंने जब पूछा, “कौन हैं आप?”, तो उनमें से एक ने कहा, “पुजारी आप ही हैं?” — इतना कहते ही हमलावर ने उन पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगने से बबलू राय गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घायल पुजारी को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ भड़कुड़ा चोब सिंह और शादियाबाद थानाध्यक्ष श्यामजी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Check Also

सनातन परंपरा के पथ पर पंचकोशी यात्रा, काशी की सेवा ही मेरा परम धर्म : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES