– 22 सितंबर से दो स्लैब्स में जीएसटी।
– आठ साल की लड़ाई के बाद गब्बर सिंह टैक्स के खात्मे पर कांग्रेस ने कहा राहुल गांधी की जीत
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। कांग्रेस 22 सितंबर को देश में गब्बर सिंह टैक्स दर रोल बैक दिवस मना रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नीतिगत असफलताओं पर भी उत्सव मनाकर हास्यास्पद स्थिति पैदा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्र को संबोधित करते हुए आठ साल से चली आ रही जनविरोधी जीएसटी दरों के रोल बैक को सरकार की उपलब्धि बताकर अपनी पीठ थपथपाई है, जबकि असल श्रेय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जाता है, जिन्होंने लगातार आठ वर्षों तक इसके खिलाफ आवाज़ उठाई।
राय ने कहा कि कांग्रेस कभी भी जीएसटी के खिलाफ नहीं रही, बल्कि यूपीए सरकार के समय इसका जनहितैषी ढांचा तैयार किया गया था। लेकिन 2017 में भाजपा सरकार ने पांच स्लैब्स और 28 प्रतिशत तक की दरों वाली संरचना देश पर थोप दी, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ा। इसी कारण राहुल गांधी ने इसे गब्बर सिंह टैक्स कहा और निरंतर विरोध करते हुए दो स्लैब की कर संरचना की मांग की। अब सरकार ने आखिरकार वही फैसला लिया है और 22 सितंबर से पांच स्लैब्स को घटाकर दो स्लैब्स में लागू किया जा रहा है। यह कांग्रेस की नीतिगत विजय है और राहुल गांधी के संघर्ष का परिणाम है।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की यह स्पष्ट और स्थायी मांग थी कि आम लोगों के उपयोग की वस्तुओं को या तो करमुक्त रखा जाए या निचले स्लैब में रखा जाए। आज आठ वर्षों के संघर्ष के बाद सरकार को झुकना पड़ा है। यह निर्णय सीधे-सीधे राहुल गांधी की दूरदर्शिता और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जीत है।