वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी में आयोजित युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सहकारिता आंदोलन को प्रदेश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं से इससे जुड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सहकार से समृद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है। इसी विजन को साकार करने के लिए देश में पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जिसे केंद्रीय गृहमंत्री और देश के पहले सहकारिता मंत्री नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सहकारिता कृषि मंत्रालय के अंतर्गत एक छोटा आयाम थी, लेकिन अब स्वतंत्र मंत्रालय के रूप में यह क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। रन फॉर को-ऑपरेशन में हजारों लोगों की सहभागिता रही। यूपी स्टेट कोऑपरेटिव बैंक द्वारा एजीएम आयोजित कर 76 करोड़ रुपये का लाभांश ऑनलाइन वितरित किया गया। साथ ही केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के स्थापना दिवस पर 266 ड्रोन दीदी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भंडारण, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सहकारिता के माध्यम से व्यापक परिवर्तन हुआ है। कोटवा पांडे एम-पैक्स द्वारा 1500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण इसका उदाहरण है। उन्होंने पिछली सरकारों पर माफियाराज का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने 16 सहकारी बैंकों में फंसे 4700 करोड़ रुपये किसानों को वापस कराए हैं और अब वन डिस्ट्रिक्ट वन कोऑपरेटिव बैंक की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है।