वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध और अपराधियों की लगातार कमर तोड़ रही है। इसी के तहत यूपीएसटीएफ ने प्रदेश के दुर्दांत अपराधियों, अवैध नशे के सौदागरों, हथियार तस्करों, साइबर अपराधियों समेत परीक्षा माफिया के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने पिछले साढ़े सात वर्षों में प्रदेश में 7 हजार से अधिक कुख्यात और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 49 कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। वहीं, बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, नशीला पदार्थ, प्रतिबंधित जानवरों की खाल व हड्डियां भी बरामद की हैं। इसके अलावा, एसटीएफ ने अपनी सूझबूझ से 559 से अधिक अपराधिक घटनाओं को घटित होने से पहले ही रोककर अपराधियों की योजना को नाकाम कर दिया।
559 से अधिक हत्या, अपहरण और लूट की घटनाओं को घटित होने से पहले रोका गया :
ADG STF अमिताभ यश ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, प्रदेश में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसटीएफ की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, एसटीएफ ने पिछले साढ़े सात वर्षों में कुल 7,015 कुख्यात और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है जबकि इस दौरान 49 अपराधी मारे गये। इन सभी पर 10 हजार से लेकर 5 लाख का इनाम घोषित था। इसके अलावा, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सजगता और सतर्कता के फलस्वरूप 559 से अधिक अपराधिक घटनाओं को घटित होने से पहले रोका गया। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रतिष्ठित व्यक्ति, आम नागरिकों के अपहरण, लूट, हत्या जैसे अपराध की घटनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 3970 संगठित अपराधियों को अरेस्ट किया गया।
पेपर लीक में लिप्त 926 सरगना व सॉल्वरों के खिलाफ कार्रवाई:
पिछले साढ़े सात वर्षों में परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी धांधली को रोकने एवं जड़ से खत्म करने के लिए 193 गिरोहों के 926 सरगना और साल्वरों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, साइबर अपराधों में लिप्त 379 साइबर अपराधियों को भी दबोचा गया है। इसके अलावा, अवैध हथियारों के 189 तस्कर की गिरफ्तारी व 2080 अवैध शस्त्र और 8229 अवैध कारतूस बरामद किये गये हैं। अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों से शराब की तस्करी करने वाले 523 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे 80579 पेटी शराब, 330866 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिंट और 7560 लीटर तैयार देशी शराब बरामद की गयी है।
अवैध नशे के 1083 सौदागर अरेस्ट, 6.1 किलो ब्राउन शुगर बरामद:
Dy. SP दीपक सिंह ने बताया कि एजेंसी ने मादक पदार्थों के अवैध व्यवसाय में लिप्त 1082 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से 91147.48 किलो गांजा, 2054.651 किलो चरस, 19727.1 किलो डोडाध्पोस्ता, 7.06 किलो मॉरफीन, 723.758 किलो स्मैक, 21.521 किलो हेरोइन, 181.012 किलो अफीम, 6.1 किलो ब्राउन शुगर, 6.938 किलो मैथाड्रोन और 280899 अदद प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गयी। इस दौरान मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए। प्रतिबन्धित वन्य जीवों का शिकार कर उनकी तस्करी करने वाले 170 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 341 किलो कछुआ कैलीपी, 2 पैगोलिन, 1 बाघ की खाल, 18 किग्रा बाघ की हड्डी, 2 अदद हाथी दांत, 8011 कछुए, 4922 प्रतिबंधित पक्षी, 1 लकड़बग्धे का कंकाल, 20 अदद ग्रे लंगूर, 1 तेंदुए की खाल, 4.12 किलो अम्बरगेरिस, 1 पैंगोलीन स्कलप, 4 जंगली शूकर के दाँत, 563.1 किग्रा लाल चन्दन की लकड़ी, 44 हाथी दांत से बनी वस्तुएं, 25 अदद तेंदुए के दांत, 24 अदद तेंदुए के नाखून, 110 सियार सिंगी, 140 इंद्रजाल के पेड़, 1 बाघ का ढांचा, 1 अजगर और 1 स्नेक बरामद किया गया। वहीं, इनके लिए प्रयुक्त किये जाने वाले वाहन, नगद धनराशि आदि की भी बरामदगी की गयी।