वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
फर्रुखाबाद। उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी की जनता ने लम्बे अरसे के बाद एक ऐसी दमदार सरकार देखी है जिसने जनता से जो कहा उससे अधिक काम करके भी दिखाया है। इसका नतीजा है कि आज उत्तर प्रदेश देश में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, स्मार्ट सिटी योजना , प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाओं में से 44 योजनाओं के क्रियान्वयन में पहले स्थान पर है।
यूपी अन्य राज्यों के लिए उदाहरण पेश कर रहा है। तरक्की की डगर पर यूपी का सफर अब लगातार जारी रहने वाला है। विकास के चलते ही प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन गया है। 11 लाख करोड की अर्थ व्यवस्था आज 22 लाख करोड की हो गई है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है। पिछले चार साल में परिवर्तन की हवा नहीं बल्कि आंधी चली है। जो काम 70 साल में नहीं हुए वह साढे चार साल की सीएम योगी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कर दिखाए है। उपरोक्त वाक्य उपमुख्यमंत्री ने आज फर्रुखाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारत सरकार के साथ प्रदेश सरकार ने विगत साढ़े चार वर्ष में गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, दलित, वंचित के समग्र विकास व कल्याण के लिए बिना भेदभाव के कार्य किए हैं।
उन्होंने फर्रुखाबाद में जनप्रतिनिधियों जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संयुक्त शिक्षा निदेशक उच्च शिक्षा अधिकारी कानपुर क्षेत्र एवं जिला विद्यालय निरीक्षक फर्रुखाबाद के साथ समीक्षा बैठक की तथा दिशा निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने भ्रमण के दौरान पार्टी कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों जिलाध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की एवं उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता सुधीर शर्मा के आवास पर जाकर उनके ज्येष्ठ पुत्र स्वर्गीय गौरव शर्मा के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत , विधायकगण सुनील द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर , अमर सिंह खटीक , प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा प्रांशु द्विवेदी , जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता उपस्थित रहे।