वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कालिंदीपुरम में जीटी रोड से एयरपोर्ट रोड के निकट सुबेदारगंज रेलवे स्टेशन के निकट 04 लेन रेल उपरिगामी सेतु एवं जी0टी0 रोड जंक्शन पर चैफटका से कानपुर की तरफ 2 लेन फ्लाई ओवर सेतु के निर्माण कार्य का शिलान्यास के साथ भूमिपूजन किया। इस निर्माण की लागत 28421.46 लाख रूपये है।
04 लेन रेल उपरिगामी सेतु की कुल लम्बाई 1583.876 मी0 तथा 2 लेन सेतु की कुल लम्बाई 659.926 मी0 है। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं/योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण बटन दबाकर किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि इससे शहर पश्चिमी ही नहीं पूरे प्रयागराज के विकास को गति मिलेगी एवं आमलोगो को जाम की समस्या से निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
उन्होंने कहा कि शहर पश्चिमी से कौशाम्बी तक 4 लेन सड़क का निर्माण कराया जायेगा, इससे आस-पास के गांव के क्षेत्र भी तेजी से विकसित होंगे। इनर रिंग रोड का निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिससे शहर में जाम से लोगो को मुक्ति मिलेगी। हण्डिया से कोखराज तक 4 लेन माॅडल रोड बनाने जा रहे है। प्रदेश सरकार की विकास की नीति से जनपद में पर्यटन का तेजी से विकास हो रहा है।
केन्द्र व प्रदेश सरकार जीरो टाॅलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है, जिससे गरीबों को उनका हक मिल रहा है। गरीबों की मिलने वाली सहायता राशि में बिचैलिओं के खेल को खत्म करते हुए सीधे योजनाओं के लाभार्थी के खाते में पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद फूलपुर श्रीमती केशरी देवी पटेल, सांसद इलाहाबाद प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी, महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नंदी, जिला पंचायत अध्यक्ष वी0के0 सिंह, विधायकगणों के अलावा अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।