वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-2027 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश की पंचम चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों को 13 से 15 अक्टूबर तक अपना रैंक कार्ड संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय आईटीआई, विशेषकर नोडल संस्थान में जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चतुर्थ चरण के बाद रिक्त रह गई सीटों के लिए पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों और नए ऑनलाइन आवेदकों की शैक्षिक योग्यता के आधार पर मेरिट सूची संबंधित संस्थानों को उपलब्ध करा दी गई है।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक के माध्यम से अपना रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। रैंक कार्ड का प्रिंट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करने के बाद निर्धारित अवधि में संबंधित जनपद के राजकीय आईटीआई में जमा करना अनिवार्य है।
सीट आवंटन में पहले उन पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा, जिनका पहले के चरणों में चयन नहीं हुआ है। इसके बाद बची सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदकों की मेरिट के आधार पर ट्रेड आवंटित किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने स्थायी अथवा अस्थायी पते से संबंधित जनपद के राजकीय आईटीआई में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। चयन समिति 16 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी कर अनुमोदित सूची संस्थान के सूचना पट्ट पर चस्पा करेगी। प्रधानाचार्यों को शैक्षिक प्रमाणपत्रों और जाति प्रमाणपत्र सहित मूल अभिलेखों की जांच के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेशित अभ्यर्थियों का विवरण 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक एससीवीटी पोर्टल पर अपलोड कर सत्यापित करना भी अनिवार्य होगा।