वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। सर्वजन सनातन पार्टी (एसएसपी) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव ने लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि हिंदू कोई बंधक वोट बैंक नहीं हैं। सनातन की आकांक्षाओं को स्वतंत्र राजनीतिक आवाज मिलनी चाहिए। किसी भी राजनीतिक दल का हिंदू मतों पर एकाधिकार नहीं हो सकता।
एम. नागेश्वर राव ने कहा कि सनातन धर्म में आस्था रखने का अर्थ किसी राजनीतिक दल की दासता स्वीकार करना नहीं है। पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सनातन सभ्यतागत मूल्यों, संवैधानिक लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और जवाबदेह शासन पर आधारित भारत का पुनर्निर्माण करना है। उन्होंने भाजपा पर छद्म हिंदुत्व और जातिगत विभाजन की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
पार्टी ने गोवंश संरक्षण को लेकर सरकारों की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए और उत्तर प्रदेश के निर्यातोन्मुख बूचड़खानों तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की घोषणा की। एसएसपी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन में हिंदू धर्माचार्यों, साधु-संतों और अखाड़ों की भूमिका सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
आरक्षण नीति की व्यापक समीक्षा, समान अवसर और सामाजिक समरसता को पार्टी ने अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को निरस्त करने की मांग रखी। पार्टी ने सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, घर के पास रोजगार तथा किसान एवं ग्रामीण समृद्धि को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
राव ने कहा कि सभ्यतागत पहचान और आधुनिक प्रगति, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। पार्टी ने हिंदू धर्माचार्यों, साधु-संतों, किसानों, युवाओं, श्रमिकों, उद्यमियों और अन्य नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी सनातन मूल्यों के अनुरूप भारत के पुनर्निर्माण और सभी वर्गों को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।