Breaking News

परिवार और धनकुबेरों तक सिमटी सपा की राजनीति : योगी

– PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी : योगी
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और धनकुबेरों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा की राजनीति में आम लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक प्रत्याशी अपने परिवार से और दूसरा मुंबई के धनाढ्य व्यक्ति को बनाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा का पीडीए अब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बनकर रह गया है। सत्ता में वापसी की उम्मीद खत्म होने के कारण सपाई मनमाने वादे कर रहे हैं।
सोमवार को गोरखपुर में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की आवाज उठाने के लिए भाजपा ने पिछली बार सीट खाली छोड़ी थी। इस बार माध्यमिक शिक्षक संघ की सहमति से ध्रुव त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है।
योगी ने सपा के कानून-व्यवस्था संबंधी दावों पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका शांति और सुरक्षा का भरोसा मगरमच्छ के नदी पार कराने के वादे जैसा है। ये लोग नाव पार नहीं लगाते, बल्कि डुबाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले अब कालनेमि की तरह राम नाम जप रहे हैं और अयोध्या में दुष्प्रचार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में नियुक्तियों पर सैफई सिंडिकेट का प्रभाव था, जबकि भाजपा सरकार ने सभी 75 जिलों के युवाओं को निष्पक्ष चयन का अवसर दिया। उन्होंने शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया गया है। शिक्षकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा बिना वेतन कटौती दुर्घटना बीमा कवर दिया जा रहा है।
योगी ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था के सुधार, विद्यालयों के कायाकल्प और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया।

Check Also

नारी का सम्मान और स्वावलंबन ही रामराज्य का आधार: योगी, 1.60 करोड़ बच्चों को मिल रहीं शैक्षिक सुविधाएं

– भारतीय नारी ने हर कालखंड में साबित किया अपना सामर्थ्य, नारी सम्मान हमारी संस्कृति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *