वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। एस.आर. ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स, लखनऊ में बी.टेक, एम.बी.ए., आई.एम.बी.ए., आयुष, बी.वोक. तथा नर्सिंग विभाग के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत हेतु ‘सृजन–2025’ फ्रेशर्स पार्टी का भव्य एवं रंगारंग आयोजन में विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, थीम आधारित प्रस्तुतियाँ, सांस्कृतिक लोकनृत्य, हास्य नाटक, ड्रम बीट पर ऊर्जा से भरपूर प्रदर्शन तथा आकर्षक रैम्प-वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैम्प-वॉक के दौरान छात्र-छात्राओं का आत्मविश्वास और व्यक्तित्व सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी रहे, जबकि अध्यक्षता एस.आर. ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के माननीय सदस्य पवन सिंह चौहान ने की। श्री चौहान ने कहा कि “देश का भविष्य हमारे युवा हैं। आपका अनुशासन, समर्पण और परिश्रम ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखेगा।”
मुख्य अतिथि विशाख जी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में मिस इंटरनेशनल दीवा 2025 सुश्री अपूर्वा चौहान तथा मिसेज इंटरनेशनल 2017 सुश्री श्वेता दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही। वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने कहा, “दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।” वहीं वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “लक्ष्य स्पष्ट रखकर निरंतर प्रयास करें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी।” विभिन्न वर्गों में मिस्टर और मिस फ्रेशर के रूप में चयनित विद्यार्थियों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बी.टेक वर्ग में आहान विश्वकर्मा और जागृति सिंह, बी.वोक वर्ग में अपूर्व गुप्ता और सौम्या यादव, आयुष विभाग में हर्षित वर्मा और काव्या कटियार, आई.एम.बी.ए. वर्ग में हृदयान्श मिश्रा और आस्था सिंह, जबकि एम.बी.ए. वर्ग में ऋतिक और अंजू को यह सम्मान प्रदान किया गया। डांस प्रस्तुति में बायोटेक विभाग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा फ्रेशर्स बैच को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।