Breaking News

मथुरा में 16 नवम्बर को राष्ट्रीय लोकदल का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन

– प्रदेश के दो हजार से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की होगी घोषणा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 16 नवम्बर 2025 (रविवार) को मथुरा में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने बताया कि अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के दो हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा भी की जाएगी। डॉ. राय ने बताया कि यह अधिवेशन संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक दिशा तय करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। इसमें प्रदेशभर के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, युवा, महिला और किसान प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि रालोद का सदस्यता अभियान 14 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया गया, जिसमें सभी वर्गों जिनमे युवा, किसान, महिलाएं, पिछड़े और दलित ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 65 लाख से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जो अब तक का सबसे सफल अभियान रहा। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और जयंत चौधरी के नेतृत्व में नई राजनीतिक दिशा देख रही है। अधिवेशन में वर्ष 2027 के पंचायत और विधानसभा चुनावों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पार्टी संगठन विस्तार, बूथ सुदृढ़ीकरण, स्थानीय नेतृत्व का सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
रालोद ने वर्ष 2026 को “चुनावी वर्ष” (Election Year) के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकों, प्रशिक्षण शिविरों और जनता के बीच संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अधिवेशन में किसानों के हितों से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे, जिनमें गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, फसल लागत के अनुरूप मूल्य निर्धारण, सिंचाई सुविधाओं में सुधार और कृषि उपकरणों पर रियायतें प्रमुख विषय होंगे। साथ ही कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की उपलब्धियों और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि यह अधिवेशन रालोद के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों दृष्टियों से मील का पत्थर साबित होगा, जो आने वाले चुनावों की दिशा और पार्टी के जनाधार को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Check Also

माफिया कोई भी हो, दुस्साहस किया तो यमराज के यहां का टिकट कट रहा : सीएम योगी

– निवेश मित्र 3.0 का शुभांरभ वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। लखनऊ के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES