– कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल बोले – नशा मुक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–2 द्वारा नशा मुक्ति और मिशन शक्ति 5.0 विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल के मार्गदर्शन और प्रेरणा से कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तरुणा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें जागरूक करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त और सशक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
मिशन शक्ति पर बोलते हुए कुलपति ने कहा कि देश की महिलाएं समय-समय पर अपनी शक्ति और प्रतिभा का प्रदर्शन करती रही हैं। हाल ही में महिला क्रिकेट टीम द्वारा विश्व विजेता बनकर देश का गौरव बढ़ाना इसका उदाहरण है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय नशा मुक्ति समिति की चेयरपर्सन एवं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा भी उपस्थित रहीं।