वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने की। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका जीवन और विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश के उत्थान, स्वाभिमान और विकास के लिए त्याग एवं बलिदान किया, जिसे देश कभी नहीं भुला सकता।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने गांधीजी को नमन करते हुए कहा कि बापू के जीवन में अनेक कठिनाइयां आईं, लेकिन वह अपने सिद्धांतों और मार्ग से विचलित नहीं हुए। सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए उन्होंने बड़े संघर्षों का सामना किया और देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज को सत्य, शांति और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
रालोद प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि गांधी और शास्त्री जयंती पर दोनों महापुरुषों के योगदान और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके बताए सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, महिला प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, आरिफ महमूद, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, अफसर अली, जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।