Breaking News

दीपावली से पहले जगमगाएगा लखनऊ, हर वार्ड में लगेंगी 50 नई स्ट्रीट लाइटें; 53 अरब हुआ नगर निगम का बजट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। दीपावली से पहले राजधानी की सड़कों को रोशन करने की तैयारी है। लखनऊ नगर निगम के सभी 110 वार्डों में 50-50 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत, सफाई, पार्कों के रखरखाव, मार्ग प्रकाश और अन्य विकास कार्यों के लिए नगर निगम का पुनरीक्षित बजट बढ़ाकर करीब 53 अरब रुपये कर दिया गया है। इसमें करीब 600 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 200 करोड़ रुपये निर्माण कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।
पार्षदों की मांग पर पुनरीक्षित बजट को मंजूरी देने के लिए गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि सड़कों की मरम्मत और नालों को ढकने पर विशेष जोर रहेगा। जो सड़कें अन्य मदों से अक्टूबर-नवंबर में बनाई जानी हैं, उनका पैचवर्क नहीं कराया जाएगा। अन्य सड़कों का पैचवर्क दीपावली तक पूरा कराने का लक्ष्य है। नगर निगम के 14 कल्याण मंडपों की मरम्मत के लिए भी बजट बढ़ाया गया है। सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के बाद वहां तार-बाड़ के बजाय बाउंड्री बनाकर मैरिज लॉन विकसित किए जाएंगे। इनमें दो कमरे भी बनाए जाएंगे और संचालन निजी संस्थाओं को दिए जाने की संभावना है। इसके लिए बजट 4.40 करोड़ से बढ़ाकर 16 करोड़ रुपये किया गया है। शहीद पथ के पास हरिहरपुर में मैरिज लॉन का काम शुरू भी हो चुका है।
भाजपा पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा और मुख्य सचेतक मुकेश सिंह मोंटी ने हर वार्ड में सड़क मरम्मत के लिए 70-70 लाख रुपये देने की मांग की थी, लेकिन कार्यकारिणी में इसे मंजूरी नहीं मिली। नगर आयुक्त ने गृहकर पुनरीक्षण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उनके अनुसार आवासीय भवनों का गृहकर 2022 से पुनरीक्षित होगा, जबकि व्यावसायिक भवनों का पुनरीक्षण 2014, 2019 और 2022 के आधार पर किया जाएगा।
इन प्रमुख मदों के बजट में की गई बढ़ोतरी :
– कचरा प्रबंधन का बजट 300 करोड़ से 330 करोड़ रुपये किया गया।
– नई स्ट्रीट लाइटों के लिए बजट सात करोड़ से 10 करोड़ रुपये किया गया।
– स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का बजट 06 करोड़ से 11 करोड़ रुपये किया गया।
– टूटी सड़कों के पैचवर्क के काम का बजट 10 करोड़ से 30 करोड़ रुपये हुआ।
– नई सड़क बनाने का बजट 50 लाख से बढ़ाकर 02 करोड़ रुपये किया गया।
– सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण का बजट 271 करोड़ से 326 करोड़ किया गया।
– नाला, पुलिया, क्रॉसिंग आदि की मरम्मत का बजट 30 करोड़ से 50 करोड़ रुपये हुआ।
– बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत का बजट 05 करोड़ से 07 करोड़ रुपये किया गया।
– मल्टीलेवल पार्किंग में लिफ्ट, सीसीटीवी व अन्य कामों के लिए 30 लाख के बजट को बढ़ाकर 04 करोड़ रुपये किया गया।
– सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कों में अंशदान का बजट 20 से 40 करोड़ रुपये किया गया।
– सरकारी जमीनों की सुरक्षा दीवार और मैरिज लॉन बनाने का बजट 10 से 20 करोड़ किया गया।

Check Also

आपातकाल लगाने वालों के साथ खड़े होकर लोकतंत्र का ज्ञान दे रही सपा : अनिल राजभर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES