वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों महापुरुषों के विचारों और योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों से मुक्ति के बाद जिस आजाद भारत का सपना देखा था, उसमें ग्राम स्वराज की परिकल्पना थी। बापू ने अंत्योदय पर जोर देने के साथ सामाजिक न्याय, सामाजिक सद्भाव और श्रमशक्ति के सम्मान को महत्व दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश प्रगति कर सकता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश को जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में किसान का बेटा ही सीमाओं पर लड़ता है। जवान और किसान दोनों देश की सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।