वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पार्टी के दो विधायकों को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजभर ने कहा कि अब्बास अंसारी और जौनपुर की जफराबाद सीट से विधायक जगदीश नारायण राय सुभासपा के चुनाव चिह्न पर जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं, लेकिन दोनों शुरू से समाजवादी पार्टी के साथ रहे हैं।
राजभर के मुताबिक दोनों विधायक सपा का झंडा और टोपी लगाकर चलते हैं और उनका राजनीतिक झुकाव भी समाजवादी पार्टी की ओर है। ऐसे में वे राज्यसभा चुनाव में सपा के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्यसभा चुनाव के लिए सपा ने प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया है।
राज्यसभा चुनाव में सुभासपा के विधायकों के रुख को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार पार्टी के कुछ विधायक सपा के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। इससे चुनावी गणित को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है।