वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। इंडियन रेलवेज इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट (IRITM), लखनऊ के संस्थापक निदेशक और भारतीय रेलवे के 1973 बैच के अधिकारी रंजीत दत्त (IRTS) का रविवार को लखनऊ में निधन हो गया। उनके निधन पर संस्थान परिवार ने शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रंजीत दत्त ने भारतीय रेलवे में ट्रैफिक अधिकारी के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। वह कानपुर में चीफ एरिया मैनेजर, लखनऊ में नॉर्दर्न रेलवे के एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर (ADRM), आरडीएसओ में ट्रैफिक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, IRITM के निदेशक और रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल (RCT), लखनऊ में मेंबर टेक्निकल रहे। IRITM के संस्थापक निदेशक के रूप में उन्होंने संस्थान की आधारभूत संरचना और शुरुआती विकास को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से रेलवे अधिकारियों के प्रशिक्षण और पेशेवर विकास के लिए संस्थान को मजबूत आधार मिला।
शोकसभा को संबोधित करते हुए IRITM के महानिदेशक प्रभास डंसाना ने रंजीत दत्त को संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला अग्रणी अधिकारी बताया। उन्होंने उनकी संस्थागत भूमिका को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। एडिशनल डायरेक्टर जनरल, IRITM संजय त्रिपाठी ने उन्हें सौम्य, नेक इंसान और सच्चा नेतृत्वकर्ता बताते हुए भारतीय रेलवे और संस्थान के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
रंजीत दत्त के परिवार में उनकी पत्नी डॉ. पल्लवी झा हैं, जो सेवानिवृत्ति से पहले लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की अध्यक्ष रहीं। IRITM परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।