वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से छह मार्च 2026, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे गाजियाबाद में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक नवयुग मार्केट स्थित अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के प्रथम तल पर संपन्न होगी। बैठक को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
महानगर अध्यक्ष डा. रेखा चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग के लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी समुदाय जयंत चौधरी की नीतियों और विचारों में विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ने का निर्णय ले रहा है, जिससे संगठन को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी मौजूद रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ रोहित अग्रवाल शिरकत करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय, प्रदेश और महानगर स्तर के कई पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी बैठक में भाग लेंगे। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
डा. रेखा चौधरी ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से समय पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह बैठक संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इस आयोजन से गाजियाबाद में संगठन को नई ऊर्जा और व्यापक समर्थन प्राप्त होगा।