वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
संभल। जनपद के जुनावई ब्लॉक क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। नदरोली गांव में बुधवार रात आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान एक ग्रामीण अचानक जलती हुई आग में कूद गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे किसी तरह बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार सिंहपुर गांव निवासी वीरपाल अपने ससुर और साले के साथ होलिका दहन में शामिल होने नदरोली आया था। कार्यक्रम के बाद ग्रामीण परंपरा के अनुसार आग की लपटों में गन्ना और जौ की बालियां भून रहे थे। इसी दौरान वीरपाल पास में खड़ा होकर यह सब देख रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक उसने हाथ जोड़े और देखते ही देखते जलती हुई होलिका पर चढ़कर आग की लपटों के बीच जा खड़ा हुआ। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। कुछ क्षणों के लिए किसी को समझ नहीं आया कि क्या किया जाए। इसी बीच गांव के नीरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए आग के बीच पहुंचकर वीरपाल को खींचकर बाहर निकाला। आग से बाहर आते ही वीरपाल जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके जले हुए कपड़े हटाए गए और तुरंत इलाज के लिए गुन्नौर के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वीरपाल को बचाने के दौरान नीरेश कुमार भी झुलस गए और उनके हाथ जल गए। उनका भी इलाज कराया जा रहा है। वीरपाल के आग में कूदने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।