Breaking News

अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- वोट का बुलडोजर हमेशा के लिए हराएगा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को पीडीए रथ यात्रा के दौरान रायबरेली में जनसभा को संबोधित किया। लखनऊ से रायबरेली पहुंचने तक जगह-जगह समर्थकों और आम लोगों ने उनका स्वागत किया। राजकीय इंटर कालेज द्वितीय मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में पीडीए की हवा चल रही है और रायबरेली में मुकाबला पीडीए बनाम भाजपा का है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कमजोर पड़ने पर प्रशासन की आड़ में नकारात्मक राजनीति करती है। उनके अनुसार इस बार जनता अपने वोट के जरिये भाजपा को पराजित करेगी। उन्होंने कहा कि पीडीए सामाजिक आंदोलन है, जिसमें पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग एकजुट हो रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए संविधान, आरक्षण, लोकतंत्र, हिन्दुस्तानियत और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए खड़ा है। उन्होंने भाजपा पर सामाजिक भेदभाव बढ़ाने और साम्प्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया। काशी और सहारनपुर से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सपा भाईचारा और प्रेम बढ़ाने की राजनीति करती है।
अखिलेश ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, निवेश की कमी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं तथा युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर काम करने और रायबरेली की सभी सीटों पर भाजपा को हराने की अपील की। इससे पहले चुरूआ में हनुमान मंदिर से पीडीए रथ पर सवार होकर उन्होंने रायबरेली की ओर यात्रा की। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद रहे।

Check Also

पर्चे पर हिंदी में भी लिखें दवाओं के नाम, मरीजों को होगी आसानी: ब्रजेश पाठक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के चिकित्सकों से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES