वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ से अयोध्या तक ‘सुगम दर्शन’ विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। इस नई सेवा के माध्यम से राम भक्तों को लंबी कतारों में प्रतीक्षा किए बिना श्रीराम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन की सुविधा मिलेगी। अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुगम और यादगार बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। इसी क्रम में अब एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू की जा रही है, जिसकी पहली यात्रा 21 फरवरी को प्रस्तावित है। इच्छुक श्रद्धालु यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इस यात्रा की शुरुआत सुबह आठ बजे लखनऊ के होटल गोमती से होगी और लगभग साढ़े दस बजे अयोध्या पहुंचा जाएगा। यहां हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन के बाद सरयू रिवर फ्रंट (राम की पैड़ी) और नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। शाम करीब साढ़े आठ बजे यात्रियों की लखनऊ वापसी होगी। पैकेज के तहत आरामदायक यात्रा, भोजन, चाय, स्थानीय गाइड, शुद्ध पेयजल तथा स्मृति-चिन्ह की सुविधा दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1500 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 2000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। अयोध्या में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, जिससे हर राम भक्त को बिना असुविधा दिव्य दर्शन का अवसर मिल सके।