– स्नातक में पढ़ने वाली 50 हजार बेटियों को स्कूटी अक्टूबर-नवंबर में: मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाएं परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को फ्लैग ऑफ भी किया।
इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब चूल्हे से चेक, चेक से कारोबार और कारोबार से टेक्नोलॉजी तक पहुंच रही हैं। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला कार्यबल की भागीदारी 2017 में करीब 12 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। इसे 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की करीब साढ़े 12 करोड़ आधी आबादी को सरकार की योजनाओं से जोड़ा गया है। बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना और स्वयं सहायता समूहों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के जीवन के अलग-अलग पड़ावों को नीतिगत सहयोग दिया गया है।
योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति खराब थी। अब मिशन शक्ति केंद्र, एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 जैसी व्यवस्थाओं से महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 45 हजार तक पहुंच चुकी है और नई भर्ती के बाद यह संख्या 50 हजार हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह, बीसी सखी, नमो ड्रोन दीदी, एफपीओ, ओडीओपी, एमएसएमई और स्टार्टअप के माध्यम से अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन तभी पूर्ण होगा, जब महिलाएं उत्पाद बनाने के साथ बाजार और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी बराबर की भागीदार बनेंगी।