Breaking News

आईटीआई में प्रथम चरण का सीट आवंटन जारी, 27 अगस्त से प्रवेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से चार सितंबर तक संबंधित आईटीआई में प्रवेश ले सकेंगे। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) ने बुधवार को प्रथम चरण का सीट आवंटन जारी किया।
एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम परिषद की वेबसाइट scvtup.in और व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की वेबसाइट upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र का प्रिंट निकालकर निर्धारित अवधि में संबंधित संस्थान में प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, सभी मूल प्रमाणपत्र, अंकपत्रों की प्रतियां और प्रमाणित प्रतियां साथ ले जानी होंगी। संबंधित आईटीआई के प्रधानाचार्य से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रवेश सुनिश्चित कराना होगा। प्रथम चरण के तहत छह माह, एक वर्ष और दो वर्ष की अवधि वाले विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीटों का आवंटन किया गया है।
अभ्यर्थियों को प्रवेश के साथ सीट फ्रीज अथवा फ्लोट करने का विकल्प भी मिलेगा। इसके अलावा प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भी शामिल हो सकेंगे। इससे उन्हें आगे के चरण में बेहतर विकल्प मिलने की संभावना बनी रहेगी।
प्रदेश में राजकीय, निजी और पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में देरी हुई है। अभ्यर्थियों से 15 अगस्त तक संस्थानों और ट्रेड की पसंद मांगी गई थी। इसके बाद बुधवार को प्रथम चरण का सीट आवंटन जारी किया गया। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नजदीकी आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं। परिषद की हेल्पडेस्क के नंबर 0522-4150500 और 7897992063 पर भी जानकारी ली जा सकती है।

Check Also

अपयश के बाद भी जनता की सेवा में जुटा रहे वही सबसे बड़ा जनप्रतिनिधि: सतीश महाना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि समाज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES