Breaking News

सत्ता में आए तो महिलाओं को हर साल 40 हजार, अखिलेश ने किया स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का एलान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बड़ा एलान किया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी। योजना के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया जाएगा। पार्टी सांसद डिंपल यादव ने भी योजना की घोषणा करते हुए इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश और समाज की प्रगति आधी आबादी की तरक्की के बिना संभव नहीं है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सपा सरकार हमेशा काम करती रही है। उन्होंने कहा कि ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता देने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य में सहायता राशि बढ़ाने की बात भी उन्होंने कही।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर इंटर पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप देने की योजना भी लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को तकनीक से जोड़ने के लिए सपा सरकार में लैपटॉप वितरण किया गया था और आगे भी इस दिशा में काम होगा। छात्राओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को सुगम बनाने तथा मेट्रो में कार्ड के माध्यम से निश्शुल्क यात्रा जैसी सुविधाओं की वकालत भी उन्होंने की।
अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के मुद्दे को केवल राजनीतिक नारे तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने और महिलाओं के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उनका दावा है कि प्रदेश में महिलाओं के सामने सुरक्षा और स्वतंत्र आवागमन की चुनौतियां अब भी हैं।
उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई 102 एंबुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों को बेहतर और सम्मानजनक बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को ‘इज्जतघर’ के नाम से विकसित किया जाना चाहिए। सपा की ओर से घोषित योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभार्थियों के चयन समेत अन्य शर्तों का विस्तृत खाका अभी सामने नहीं आया है। पार्टी का कहना है कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है।

Check Also

JPNIC को लेकर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- लोकनायक के स्मारक से भी मुनाफा कमाना चाहती है सरकार

– संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक – अखिलेश यादव – ‘लोकनायक के स्मारक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *