वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
ठाणे / लखनऊ। सोशल मीडिया पर शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश से भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सएप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। गिरोह ने My Ground11 Gaming Zone Pvt Ltd नाम से गेमिंग प्लेटफार्म समेत फर्जी निवेश पोर्टल तैयार कर निवेशकों से रकम जमा कराई। मामले में साइबर क्राइम थाना लखनऊ में मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ ने वांछित विनोद कुमार राठौर को 22 अगस्त को मध्य प्रदेश के झाबुआ स्थित ग्राम रूपगढ़ से गिरफ्तार किया। वहीं सुधीर गंगाधर दास और शेख नदीम सलीम को 23 अगस्त को महाराष्ट्र के ठाणे स्थित मीरा रोड ईस्ट से पकड़ा गया। तीनों आरोपियों के पास से एक मैकबुक, सात मोबाइल फोन, पासपोर्ट और टाटा हैरियर कार बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इंस्टाग्राम पर शेयर बाजार विश्लेषण की ट्रेनिंग का फर्जी विज्ञापन देकर लोगों को वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा जाता था। ग्रुप में ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश से संबंधित फर्जी स्क्रीनशाट साझा कर निवेशकों को भरोसे में लिया जाता। इसके बाद हाइपरलिंक के माध्यम से फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर खाते खुलवाए जाते और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती। ऐप के डैशबोर्ड पर निवेश और मुनाफे की रकम फर्जी तरीके से प्रदर्शित की जाती थी।
एसटीएफ के अनुसार निवेशकों से प्राप्त धनराशि को कई खातों में भेजकर उसकी लेयरिंग की जाती और फिर गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। मामले में पूर्व में एक अन्य आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह के खिलाफ लखनऊ समेत अन्य स्थानों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ के मुताबिक आरोपियों द्वारा इस्तेमाल बैंक खातों में करीब दो करोड़ रुपये फ्रीज कराए गए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और बैंक खातों की जांच के प्रयास जारी हैं।