Breaking News

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बसों में आजीवन नि:शुल्क यात्रा : दयाशंकर सिंह, परिवहन मंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि सरकार ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को स्वीकृति प्रदान की है। इसे रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के लिए सरकार का महत्वपूर्ण उपहार माना जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सभी बसों में आजीवन निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को यात्रा के दौरान पहचान पत्र के रूप में वोटर आइडी कार्ड अथवा आधार कार्ड दिखाना होगा।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाओं को सीधे लाभ मिलने का अनुमान है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को आवागमन में सुविधा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सहज परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है। निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाएं अपने परिजनों से मिलने, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शामिल होने के साथ आवश्यक कार्यों के लिए भी आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना को मंजूरी देना प्रमुख निर्णयों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।
सरकार के इस फैसले को वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। आजीवन निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा से उन्हें सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने में आर्थिक सहूलियत मिलेगी और प्रदेश में महिला कल्याण की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ेगा।

Check Also

JPNIC को लेकर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- लोकनायक के स्मारक से भी मुनाफा कमाना चाहती है सरकार

– संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक – अखिलेश यादव – ‘लोकनायक के स्मारक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *