वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मैनपुरी स्थित प्रसिद्ध समान पक्षी विहार के निकट पर्यटन विकास के लिए छह हेक्टेयर ग्रामसभा भूमि पर्यटन विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भूमि उपलब्ध होने से पक्षी विहार में पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करने के साथ दुर्लभ और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण की व्यवस्थाएं मजबूत की जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि भूमि मैनपुरी की किशनी तहसील के ग्राम समान में पक्षी विहार के निकट स्थित है। ग्राम समाज की यह भूमि ऊसर है और जिलाधिकारी मैनपुरी ने इसे पक्षी वन्यजीव विहार के विकास के लिए प्रस्तावित किया था। पर्यटन विभाग को भूमि मिलने से क्षेत्र में पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा।
मंत्री ने बताया कि समान पक्षी विहार प्रदेश का महत्वपूर्ण वेटलैंड और रामसर साइट है। वर्ष 2019 में इसे संरक्षित रामसर स्थल घोषित किया गया था। करीब 5.25 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह पक्षी विहार सारस, क्रेन सहित विभिन्न स्थानीय और प्रवासी पक्षियों का प्रमुख आश्रय स्थल है। शरद ऋतु में यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां पहुंचती हैं। पक्षी दर्शन और फोटोग्राफी के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र है।
जयवीर सिंह ने कहा कि यहां पर्यटक नौका सवारी के माध्यम से पक्षियों को करीब से देख सकते हैं। आगरा-मैनपुरी-फर्रुखाबाद मार्ग से जुड़े समान पक्षी विहार की मैनपुरी शहर से दूरी करीब 30 किलोमीटर है। भूमि हस्तांतरण से पर्यटन सुविधाओं के साथ पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा की भूमि निःशुल्क हस्तांतरित होने से सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।