Breaking News

सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, तीन मकान व एक दुकान ध्वस्त

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
संभल। संभल में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख सोमवार को साफ तौर पर देखने को मिला, जब सिरसी क्षेत्र में बुलडोजर की कार्रवाई की गई। सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए नायब तहसीलदार की मौजूदगी में तीन मकानों के अगले हिस्से और एक दुकान को ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रशासन की यह कार्रवाई सिरसी के मोहल्ला शर्की स्थित कर्बला रोड पर की गई, जहां ग्राम समाज और खाद के गड्ढों की भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। रविवार को ही नोटिस मिलने के बाद बुलडोजर की आशंका से अधिकांश लोगों ने स्वयं अपने निर्माण हटा लिए थे, फिर भी सोमवार को शेष बचे निर्माणों पर कार्रवाई की गई। नगर पंचायत कार्यालय से बुलडोजर मंगवाकर दोपहर करीब 12.15 बजे ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। एक के बाद एक तीन मकानों के आगे बने हिस्से तोड़े गए, इसके बाद एक दुकान को भी गिरा दिया गया। पूरी कार्रवाई करीब एक घंटे तक चली।

नायब तहसीलदार बबलू कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि गाटा संख्या 1608 में दर्ज है, जो ग्राम समाज और खाद के गड्ढों की सरकारी भूमि है। इस मामले में पूर्व से ही तहसीलदार न्यायालय में धारा 67 के तहत कार्रवाई चल रही थी, जिसमें न्यायालय द्वारा बेदखली का आदेश पारित किया गया था। आदेश के खिलाफ अवैध निर्माणकर्ताओं ने जिलाधिकारी के यहां अपील की, लेकिन अपील खारिज होने के बाद सोमवार को बेदखली की कार्रवाई कराई गई।

उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में कुल पांच लोगों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की गई है, जबकि तीन मामलों में हाईकोर्ट में सुनवाई लंबित है। इस बीच एक दुकान को गिराए जाने के दौरान मलबा पीछे स्थित इरफान अहमद के मकान के गेट पर गिर गया, जिससे शीशे टूट गए। इस पर मकान मालिक ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई।

Check Also

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारकानपुर। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES