Breaking News

अम्बेडकरनगर को 706 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री बोले- विकास का मॉडल बन रहा जिला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अम्बेडकरनगर में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और यह जनपद विकास के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों की 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आवास की चाभी और सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने बाबा गोविन्द साहब धाम पहुंचकर पवित्र समाधि और श्रीरामजानकी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि बाबा गोविन्द साहब धाम वर्षों से आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। यहां लगने वाले विशाल माघ मेले को अब राजकीय मेले के रूप में मान्यता दी जाएगी और इसे राजकीय परंपरा व सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अम्बेडकरनगर दो एक्सप्रेस-वे से जुड़ा है और नार्थ-साउथ कॉरिडोर के माध्यम से सिद्धार्थनगर, बांसी, बस्ती, प्रयागराज और चित्रकूट होते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश को जोड़ा जा रहा है। इसका केंद्र बिंदु अम्बेडकरनगर बनने जा रहा है। जिले के मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट के माध्यम से लोगों को ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उल्लेख करते हुए प्रदेश के कारीगरों और हस्तशिल्पियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि लाखों कारीगरों ने अपनी कला और मेहनत से भारत की विरासत तथा स्वदेशी उत्पादों को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार, किसानों के विकास और महिलाओं के स्वावलंबन के लिए कार्य कर रही है। हाल ही में 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया गया, जिसमें गरीबों, युवाओं और सामाजिक न्याय से जुड़े वर्गों के लिए योजनाओं का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन जैसी योजनाओं के माध्यम से हर जिले की विशेषताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।

Check Also

नारी शक्ति के सम्मान पर राहुल गांधी को लेकर योगी का निशाना, बोले- भ्रम और अराजकता फैलाना लक्ष्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘प्रेरणा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES