वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों तक पहुंचने में यात्रा संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए योगी सरकार ने प्रदेश में विशेष परिवहन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के दौरान परिवहन निगम की अधिकतम बसें सड़क पर उतारी जाएंगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
त्योहार के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर यात्रियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। लखनऊ, कानपुर समेत अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें चलेंगी। दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली और दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बस संचालन में आवश्यकतानुसार मौजूदा प्रतिबंधों में छूट देने की व्यवस्था की गई है।
बस अड्डों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यात्रियों की सहायता और बस संचालन की जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित होगा। भीड़ वाले बस अड्डों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती के साथ डिपो और क्षेत्रीय अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
रक्षाबंधन के दौरान परिवहन कर्मियों की छुट्टियों पर रोक रहेगी। लगातार सेवा देने वाले पात्र चालक-परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। छह दिनों में निर्धारित शर्तों के साथ 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन मिलेगा। संविदा चालक-परिचालकों को निर्धारित सीमा से अधिक संचालन पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त राशि दी जाएगी। तकनीकी कर्मचारियों के लिए 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।