Breaking News

गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, रोहित अग्रवाल का हुआ सम्मान

– गुरुदेव टैगोर की अनुयायी स्व मानसी दत्ता को भी श्रद्धासुमन अर्पित
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित और भारतीय साहित्य के महान युगपुरुष गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को बंगे नागरिक समाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने गुरुदेव के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और मानवता के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार और साहित्य आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टैगोर ने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के माध्यम से भारतीय समाज को नई चेतना प्रदान की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर बंगे नागरिक समाज की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गुरुदेव टैगोर की अनुयायी रहीं स्वर्गीय मानसी दत्ता की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने उनके सामाजिक कार्यों, संगठन के प्रति समर्पण और समाज सेवा में निभाई गई भूमिका को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान बंगे नागरिक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी.के. दत्ता ने रोहित अग्रवाल को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद रोहित अग्रवाल ने बंगे नागरिक समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण करने और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।
श्रद्धांजलि सभा में बंगे नागरिक समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर और स्वर्गीय मानसी दत्ता के आदर्शों को आत्मसात कर समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Check Also

हर विधानसभा में होगा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का मंचन, मोदी की 25 साल की यात्रा दिखेगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES