वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोंडा। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ समारोह से लौट रहे खिलाड़ियों की बस गुरुवार शाम गोंडा-अयोध्या मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात खिलाड़ी मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के बाद यातायात भी सामान्य करा दिया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि गोंडा स्पोर्ट्स अकादमी के 41 खिलाड़ी नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को लेकर लौट रही बस शाम करीब चार बजे नंदिनी नगर शूटिंग रेंज के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही खिलाड़ियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू किया। बस का शीशा तोड़कर सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में गोनार्द अस्पताल की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे में विकास यादव (18), सतीश मौर्य (22), शिवकुमार (22), शिवा सिंह (19), चंदन गुप्ता (17), अमरनाथ (17) और शनि सिंह (20) को हल्की चोटें आईं। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और उनकी हालत सामान्य होने पर घर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए घटनास्थल पर भीड़ जुट गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारु करा दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कोई भी खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।