-सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट का खुलासा करने पर राजेश सोनी के नेतृत्व में आदर्श व्यापारी एसोसिएशन ने बबलू कुमार जॉइंट पुलिस आयुक्त को किया सम्मानित
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। आदर्श व्यापारी एसोसिएशन एवं ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को लखनऊ कमिश्नरेट के ज्वाइंट पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) बबलू कुमार से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने थाना गोसाईंगंज क्षेत्र में 23 जून को सर्राफा व्यापारी सचिन सोनी के साथ हुई घटना का सफल खुलासा करने तथा लूटा गया माल बरामद करने पर पुलिस की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने ज्वाइंट पुलिस आयुक्त को पटका पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी जांच से न केवल अपराध का सफल खुलासा हुआ, बल्कि व्यापारिक समुदाय में सुरक्षा के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए लखनऊ पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है।
ज्वाइंट पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सर्राफा व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपराधिक गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित संवाद बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर आदर्श व्यापारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रदेश महासचिव राजेश सोनी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने भविष्य में भी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षित व्यापारिक वातावरण बनाने के लिए सहयोग जारी रखने का विश्वास व्यक्त किया।