Breaking News

20 नवंबर तक गुणवत्ता के साथ पूरी हों पर्यटन परियोजनाएं: जयवीर सिंह

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत पर्यटन विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की दिशा में तेजी ला दी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए गए थे कि स्वीकृत परियोजनाओं का निर्माण कार्य हर हाल में 20 मई 2026 तक शुरू कर दिया जाए। जिन परियोजनाओं की लागत एक करोड़ रुपये तक है, उन्हें गुणवत्ता बनाए रखते हुए 20 नवंबर 2026 तक पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं ने आवंटित परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। राजकीय निर्माण निगम को 32 परियोजनाएं मिली थीं, जिनमें दो पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 30 परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया चल रही है। यूपीपीसीएल को आवंटित 65 कार्यों में 61 परियोजनाओं पर निर्माण शुरू हो गया है, एक परियोजना पूरी भी हो चुकी है और शेष पर निविदा प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि आवास विकास परिषद को आवंटित 75 परियोजनाओं में 41 पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 32 परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया चल रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की 305 स्वीकृत परियोजनाओं में 247 कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं और 58 परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सीएंडडीएस को मिली 126 नई परियोजनाओं में 113 पर काम शुरू हो चुका है तथा 13 परियोजनाएं निविदा प्रक्रिया में हैं।
जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पर्यटन विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और धार्मिक व विरासत स्थलों के विकास के लिए इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

Check Also

JPNIC को लेकर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- लोकनायक के स्मारक से भी मुनाफा कमाना चाहती है सरकार

– संपूर्ण क्रांति का विचार आज भी प्रासंगिक – अखिलेश यादव – ‘लोकनायक के स्मारक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *