वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में परिषद के नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। बैठक में शामिल आठ अखाड़ों ने दक्ष प्रजापति मंदिर के महंत रवींद्र पुरी जी महाराज को राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्मोही अखाड़ा के महंत राजेंद्र दास जी महाराज को महामंत्री तथा हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत संजय दास जी महाराज को राष्ट्रीय प्रवक्ता चुना। सभी उपस्थित अखाड़ों के प्रतिनिधियों और संत-महात्माओं ने नए पदाधिकारियों के चयन का समर्थन करते हुए उन्हें परिषद की जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान आगामी हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कुंभ मेला प्रभारी मंत्री, आईजी, एसएसपी, मेला अधिकारी सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। संतों और अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, आवास, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। अधिकारियों ने संतों के सुझावों पर सकारात्मक विचार करने और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में अखाड़ा परिषद के नवचयनित अध्यक्ष, महामंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन और संत समाज के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कुंभ मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर आईजी कुंभ हरिद्वार योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल तथा कुंभ मेले से जुड़े अन्य अधिकारियों ने धर्म सम्राट पूज्य श्रीमहंत ज्ञानदास जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अधिकारियों ने संत समाज के सहयोग से कुंभ मेले की तैयारियों को सफल बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
वहीं, महंत संजय दास जी महाराज के अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता चुने जाने पर बड़ा भक्तमाल में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्वाणी अनी अखाड़ा के महंत मुरली दास जी महाराज, जगद्गुरु डॉ. राघवाचार्य जी महाराज, रसिक पीठाधीश्वर महंत जन्मेजय शरण जी महाराज, प्राचार्य डॉ. महेश दास जी महाराज, निर्वाणी अनी महासचिव महंत सत्यदेव दास जी महाराज, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास जी महाराज, महंत उपेंद्र दास जी महाराज तथा कार्यक्रमाध्यक्ष एवं बड़ा भक्तमाल पीठाधीश्वर स्वामी अवधेश कुमार दास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा उपस्थित रहे। सभी संतों ने नवचयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए परिषद को और अधिक मजबूत बनाने तथा धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।