Breaking News

सरयू के बीच नाव पर बीयर और मटन पार्टी, वायरल वीडियो के बाद चार आरोपी गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। अयोध्या के पवित्र गुप्तार घाट पर सरयू नदी के बीच नाव में बीयर और मटन पार्टी करने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल पर हुई घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू की और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट का बताया जा रहा है। वीडियो में चार युवक नाव पर बैठकर बीयर पीते, मटन खाते और आपस में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाने वाला युवक अपने साथ मौजूद साथियों का परिचय भी देता है और कहता है कि काफी समय बाद सभी दोस्त एक साथ मटन पार्टी कर रहे हैं। वीडियो में वह लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद का नाम लेता है। इसके अलावा वह अपने एक अन्य साथी अमरजीत निषाद का भी जिक्र करते हुए उसके जल्द मिलने की कामना करता सुनाई देता है।
गुप्तार घाट सरयू नदी का प्रमुख धार्मिक और आस्था का केंद्र माना जाता है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान, पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक महत्व वाले स्थान पर नदी के बीच नाव में बीयर और मटन पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी सत्यता की जांच की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि से बचने और सार्वजनिक तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की है। घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था और धार्मिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

शंकराचार्य ने 300 साड़ियों से किया भगवती का शाटिकार्चन, श्रीविद्या साधना शिविर का समापन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वाराणसी। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन विजयादशमी पर श्रीविद्या साधना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *