Breaking News

मुख्यमंत्री का फर्जी ओएसडी और सीएमओ बन वसूले 18 लाख, मास्टरमाइंड एक या पूरा गैंग?

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर। गोरखपुर के सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक हॉस्पिटल के संचालक से खुद को मुख्यमंत्री का फर्जी ओएसडी और सीएमओ बताकर 18 लाख रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और संबंधित मोबाइल नंबरों की लोकेशन खंगाली जा रही है। शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है।
जांच में सामने आया है कि ठगों ने तीन चरणों में कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर संचालक का विश्वास जीता और मानसिक दबाव बनाया। चौथे चरण में एक स्थानीय व्यक्ति को सीएमओ कार्यालय के पास भेजकर 18 लाख रुपये नकद वसूल लिए गए। बताया जा रहा है कि कॉल लखीमपुर खीरी के पते पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से की गई, जबकि तकनीकी जांच में लोकेशन मुंबई की बताई जा रही है। आखिरी कॉल 8419022640 नंबर से आई थी, जिसमें कॉलर ने खुद को सीएमओ का सहायक बताते हुए रकम की मांग की।
पुलिस को संदेह है कि कैश लेने वाला व्यक्ति स्थानीय स्तर पर सीएमओ कार्यालय और आसपास की सटीक जानकारी रखता था। इससे यह आशंका गहराई है कि वारदात सुनियोजित थी और इसमें एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अलग-अलग नंबरों से कॉल करने वाला एक ही शख्स था या पूरा गिरोह सक्रिय था।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में अस्पताल में आयोजित मोतियाबिंद सर्जरी कैंप के बाद संक्रमण के मामलों में कार्रवाई हुई थी और लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था। इसी बीच कार्रवाई से राहत दिलाने के नाम पर ठगों ने संचालक को जाल में फंसा लिया। जब सीएमओ को उनके नाम के दुरुपयोग की जानकारी हुई तो उन्होंने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

Check Also

विंध्यवासिनी धाम से काशी विश्वनाथ के लिए लस्सी की पावन भेंट, ग्रीष्म आगमन पर शीतल अर्पण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में विंध्याचल स्थित विंध्यवासिनी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES