Breaking News

होली से पहले चंदौली में बड़ी कार्रवाई, आलू-भूसी के नीचे छिपी 10 हजार लीटर शराब जब्त

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
चंदौली। होली के मद्देनज़र चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान चंदौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से बिहार ले जाई जा रही करीब 10 हजार लीटर अवैध शराब बरामद की है। ट्रक में आलू और भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1,028 कार्टन शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगे के निर्देश पर अलीनगर थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सिंहिताली पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर का एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में आता दिखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में 30 बोरी आलू और 50 बोरी भूसी के नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे मिले। कार्टनों पर ‘For sale in Punjab only’ अंकित था, जिससे स्पष्ट है कि शराब पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी, जहां पूर्ण शराबबंदी लागू है। पुलिस को कुल 1,028 कार्टन में भरी करीब 10 हजार लीटर शराब बरामद हुई। गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी 30 वर्षीय मल्लाराम के रूप में हुई है। उसके पास से 1,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Check Also

​”हिन्दू धर्म की चंदन की लकड़ी में दीमक लग गई, अब नरमी नहीं कड़ाई का समय : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

– ​”श्री राम के दरबार में चोरी हुई और सारा सरकारी प्रायश्चित प्रायश्चित नहीं” – …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES