Breaking News

अयोध्या में राम भक्तों के स्वागत को तैयार भरत द्वार, फरवरी में उद्घाटन की संभावना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। अयोध्या आने वाले राम भक्तों के स्वागत और अभिनंदन के लिए भरत द्वार का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गया है। योगी सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल यह भव्य प्रवेश द्वार अयोध्या–सुल्तानपुर मार्ग स्थित मैनुदीनपुर प्रयागराज मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स टीएफसी क्षेत्र में बनाया जा रहा है। पर्यटन विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना का निर्माण कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है।
बताते चलें कि भरत द्वार का निर्माण लगभग 4.410 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत 2024.90 लाख रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना का करीब 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार अगले माह सभी शेष कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और फरवरी 2026 में इसके उद्घाटन की संभावना है। यह द्वार अयोध्या में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहला स्वागत स्थल होगा, जहां भरत जी की मर्यादा, त्याग और राम भक्ति की भावना को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। योगी सरकार राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में अयोध्या से जुड़ने वाले छह प्रमुख मार्गों पर रामायण से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं, जिनमें राम द्वार, लक्ष्मण द्वार, शत्रुघ्न द्वार, भरत द्वार, सीता द्वार और हनुमान द्वार शामिल हैं। अयोध्या–सुल्तानपुर मार्ग पर बन रहा भरत द्वार इसी श्रृंखला का अहम हिस्सा है, जो रामायण काल की थीम पर आधारित नक्काशी, मूर्तियां और प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित होगा।
राम जन्मभूमि मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। ऐसे में शहर के प्रवेश द्वारों का भव्य रूप पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगा। परियोजना के अंतर्गत दो गेट, सड़क, सीवर, ड्रेनेज, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, बाउंड्रीवाल, फायर फाइटिंग और ईएसएस का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि एसटीपी, यूजीटी, पार्किंग और आंतरिक विद्युतीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है।

Check Also

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारकानपुर। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES