वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पत्रकारिता की गरिमा, पहचान और एकता को सशक्त करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत शुक्रवार को विधान भवन के सामने चौथे स्तंभ की संगठित चेतना देखने को मिली। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक वरिष्ठ पत्रकार प्रभात त्रिपाठी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार एकजुट हुए। यह आयोजन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की सामूहिक पहचान और मर्यादा को पुनर्स्थापित करने का प्रयास माना जा रहा है।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि ड्रेस कोड अभियान किसी विचारधारा को थोपने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पत्रकारों के बीच अनुशासन, सम्मान और सामाजिक पहचान को मजबूत करने की सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि सहमति और असहमति लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन आपसी कटुता और व्यक्तिगत आक्षेप पत्रकारिता की साख को कमजोर करते हैं। यदि चौथे स्तंभ को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है तो आपसी एकजुटता और मर्यादा अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि विचार भिन्न हो सकते हैं, मत अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी पत्रकार सच के पक्षधर और समाज के प्रति उत्तरदायी हैं। एकता ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताक़त है। इस आह्वान का असर कार्यक्रम में स्पष्ट दिखा, जब ड्रेस कोड में पहुंचे पत्रकारों ने अनुशासन और संयम के साथ अपनी एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभात त्रिपाठी ने इसे पत्रकारिता की पहचान स्थापित करने का महायज्ञ बताते हुए अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर कई दर्जन पत्रकारों ने सामूहिक फोटो खिंचवाई और ड्रेस का वितरण भी किया गया। आयोजन में विजय शंकर पंकज, भास्कर दुबे, अविनाश चंद्र शुक्ला, शाश्वत तिवारी, उमेश चंद्र मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, रवि उपाध्याय, अजय वर्माआईना, सर्वजीत सिंह सूर्यवंशी अपवा, रूपेनद उपाध्याय, ज्ञानेश पाठक, विजय दुबे, नैमिष प्रताप सिंह, लखन लाल मिश्र, राष्ट्रीय संरक्षक पत्रकार विकास काउंसिल, उमाकांत बाजपेई, विक्रम राव, संत प्रसाद शुक्ला, त्रिनाथ शर्मा, अजय कुमार वर्मा, दीपक गुप्ता, अशोक चकलाधर, बलराम गुप्ता, सोनू भारती, जे बी सिह विवेक सिंह, गंगा प्रसाद दीक्षित, श्वेता सिंह, अर्चना गुप्ता, पृथ्वी पाल, परमजीत सिंह, सुभाष मिश्र, बबीता ओबेरॉय, हिमांशु भटनागर, विवेक कुमार राय, इकबाल, गुरमीत कौर, मनीष चित्रांश, विनय प्रकाश सिंह, कवल जीत सिंह, आलोक गुप्ता, संगीता शर्मा, राजकिशोर बारी, मनी तिवारी, प्रियंका गुप्ता आदि सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।