Breaking News

मुख्यमंत्री ने आमजन से बापू के आदर्श अपनाने का किया आह्वान, गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धा और सम्मान से भरे वातावरण में मुख्यमंत्री ने कुछ क्षण मौन रहकर बापू को नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जीपीओ पार्क का वातावरण भजनों से गूंज उठा। स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिसमें ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजन शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 15 मिनट तक एकाग्रता के साथ भजनों को सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने गांधी प्रतिमा के समक्ष बच्चों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने एक्स हैंडल पर भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने लोगों से बापू के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES