वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ को नया निदेशक मिल गया है। 2012 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी संजय कुमार बिस्वाल ने 27 जनवरी, 2026 को प्राणि उद्यान के निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने आईएफएस अदिति शर्मा का स्थान लिया है। इससे पूर्व संजय कुमार बिस्वाल दक्षिण खीरी वन प्रभाग में वन संरक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके पास वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन का व्यापक अनुभव है, जिसका लाभ अब लखनऊ चिड़ियाघर को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संजय कुमार बिस्वाल ने मथुरा, मऊ, आज़मगढ़ और लखीमपुर खीरी जैसे महत्वपूर्ण जिलों में डीएफओ के रूप में कार्य किया है। लखीमपुर खीरी में तैनाती के दौरान उन्होंने सात से अधिक बाघों और दस तेंदुओं के सफल रेस्क्यू अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी। नए निदेशक के रूप में उनकी प्राथमिकताओं में प्राणि उद्यान के बुनियादी ढांचे का विकास, विभिन्न प्रजातियों के लिए आधुनिक और सुरक्षित बाड़ों का निर्माण, पशुओं की बेहतर देखभाल तथा दर्शकों के लिए बैठने और सुविधाओं में सुधार शामिल रहेगा।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर पूर्व निदेशक आईएफएस अदिति शर्मा ने कहा कि चिड़ियाघर के निदेशक के रूप में कार्य करना उनके लिए एक सुखद और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने लखनऊ ज़ू मीडिया ग्रुप के सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार जताया और भविष्य में भी प्राणि उद्यान को समर्थन देने की अपील की। साथ ही उन्होंने नए निदेशक संजय कुमार बिस्वाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। नए नेतृत्व से प्राणि उद्यान के विकास और संरक्षण कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।