Breaking News

लखपति दीदियों की सफलता को राष्ट्रीय सम्मान, कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की शान बनेंगी यूपी की 14 दीदियां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियों की सफलता को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने जा रहा है। ये दीदियां 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। 23 जनवरी को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने कैंप कार्यालय 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ से इन दीदियों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना करेंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की राजधानी में गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को आमंत्रित किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसके लिए माननीय प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी राष्ट्रीय आयोजनों में सम्मान के साथ भागीदारी करे। उन्होंने चयनित दीदियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके आवागमन और ठहराव की सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन ने बताया कि परेड में शामिल होने से पहले ये दीदियां ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करेंगी। इसके बाद 27 जनवरी को अन्य राज्यों की दीदियों के साथ दिल्ली भ्रमण भी कराया जाएगा। गोरखपुर, झांसी, बिजनौर, कौशांबी, अलीगढ़, चित्रकूट, इटावा, संभल, रायबरेली और देवरिया जिलों से चयनित ये लखपति दीदियां ई-रिक्शा उद्यम, दुग्ध व्यवसाय, कैफे संचालन, पशुपालन, कृषि, सौंदर्य प्रसाधन निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों से आत्मनिर्भर बनी हैं। इनकी सहभागिता महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की प्रेरक कहानी को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगी।

Check Also

स्वास्थ्य से खेती तक माइक्रोबायोम तकनीक का सहारा लेगी योगी सरकार, तैयार हुआ प्लान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, नदियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *