Breaking News

सिविल अस्पताल में जरूरतमंदों को कंबल वितरित, मानव कल्याण के रास्ते पर चलने का संकल्पः विराज सागर दास

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। डाॅ. अखिलेश दास अलका दास फाउंडेशन की ओर से भीषण ठंड को देखते हुए गुरुवार को डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण कार्यक्रम में बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन विराज सागर दास गुप्ता ने स्वयं जरूरतमंद मरीजों व उनके तीमारदारों को कंबल भेंट किए। इस अवसर पर बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन एवं फाउंडेशन की अध्यक्ष अलका दास भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान विराज सागर दास ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। कंबल वितरण के बाद उन्होंने कहा कि शिक्षा और सामाजिक सरोकार उनके परिवार की विरासत और रक्त में हैं। मानव कल्याण के लिए कार्य करना उनका संकल्प है और मानवीय संवेदनाओं के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सेवा करना ही उनका लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा ठंड के मौसम में अलाव जलाने, मरीजों के लिए निःशुल्क चाय की व्यवस्था, कंबल वितरण, गर्मियों में प्याऊ लगाने तथा गरीब मरीजों को निःशुल्क एम्बुलेंस सुविधा जैसी कई जनकल्याणकारी पहलें लगातार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भीषण ठंड में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है और फाउंडेशन इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभा रहा है।

विराज सागर दास ने कहा कि उनके बाबा पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसी दास और पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. अखिलेश दास गुप्ता से मिली प्रेरणा के अनुसार वे जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। वहीं अलका दास ने कहा कि जनसेवा से उन्हें आत्मसंतोष मिलता है और यह कार्य आगे भी जारी रहेगा।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *