Breaking News

राज्यपाल ने 77वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेश व देशवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, जो देश की आत्मा और उसकी लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ करता है।
राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के निर्माण में निहित मूल्यों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माताओं के त्याग का स्मरण कराता है। भारतीय संविधान न केवल प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है, बल्कि नागरिक कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसने देश को सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती उसकी सहिष्णुता, समावेशिता और जनभागीदारी में निहित है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर भारत आज विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। गणतंत्र दिवस का पर्व हमें संविधान की गरिमा को समझने, उसकी रक्षा करने और उसे व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर संविधान निर्माताओं के आदर्शों और महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें। साथ ही, एकजुट होकर आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाए, सामाजिक सौहार्द बनाए रखे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश 26 जनवरी 2026 को दूरदर्शन केंद्र, लखनऊ से प्रातः 8ः30 बजे तथा प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से रात्रि 8ः00 बजे प्रसारित किया जाएगा।

Check Also

अटल विश्वास के 104वें स्थापना दिवस पर संघ रत्न से विभूषित हुए इं. भरतजी व इं. रामकिशन प्रसाद

– 101 अभियंता सम्मानित वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। लोक निर्माण विभाग डिप्लोमा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES