वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। शहर की कुर्सी रोड पर बना साईकिल पथ अब अतिक्रमण का अड्डा बनता जा रहा है। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने मामा चौराहा, विकासनगर से गुडम्बा स्पोर्ट कॉलेज तक बने साईकिल पथ को हटाकर सड़क चौड़ीकरण किए जाने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि साईकिल चालकों की सुविधा के लिए तत्कालीन सपा सरकार के दौरान बनाया गया यह पथ अब अपने उद्देश्य से भटक चुका है और इसका उपयोग साईकिल चालक नहीं कर पा रहे हैं।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बताया कि साईकिल पथ पर ठेले, खोमचे और दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इससे कुर्सी रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क सकरी होने के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऋषि त्रिवेदी ने कहा कि लगातार लगने वाले जाम के चलते इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ी है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और स्थानीय लोग रोजाना जोखिम उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि मामा चौराहा से गुडम्बा स्पोर्ट कॉलेज तक साईकिल पथ हटाकर सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि कुर्सी रोड पर यातायात सुचारु हो सके और जाम व दुर्घटनाओं से लोगों को राहत मिल सके।