Breaking News

श्रीराम नवमी पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई, शांतिपूर्ण आयोजन के दिए निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और करुणा जैसे उच्च मानवीय मूल्यों का सर्वोच्च प्रतीक है। उनका आदर्श जीवन न केवल व्यक्ति को सही दिशा देता है, बल्कि समाज और शासन व्यवस्था को भी न्याय, समरसता और उत्तरदायित्व के मार्ग पर आगे बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का चरित्र हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने की प्रेरणा देता है। यही मूल्य रामराज्य की अवधारणा का आधार हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ते हुए सेवा, परोपकार और लोकमंगल की भावना को आत्मसात करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करें। मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रभु श्रीराम की कृपा से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण और मजबूत होगा।

Check Also

वैश्विक अनिश्चितता के बीच यूपी बना निवेशकों की पहली पसंद, ‘निवेश मित्र 3.0’ से उद्योग लगाना होगा आसान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता और अस्थिरता के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES